<

पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट मैच में अभिषेक शर्मा का तूफान: 25 छक्कों के साथ ठोका दोहरा शतक

भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए घरेलू क्रिकेट में जोरदार वापसी कर दी है।  2 अगस्त (रविवार) को पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट सीनियर वन-डे टूर्नामेंट में अभिषेक ने एक आतिशी पारी खेलते हुए दोहरा शतक जड़ा।

तरनतारन के खिलाफ अमृतसर की तरफ से खेलते हुए अभिषेक शर्मा ने महज 91 गेंदों में 233 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक पारी में 15 चौके और 25 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। अभिषेक की इस आक्रामक बल्लेबाजी के कारण अमृतसर ने 50 ओवरों में 533/8 का एक विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसके चलते, तरनतारन की टीम भारी दबाव में आ गई और 28 ओवरों में 174/4 पर संघर्ष करती दिखी।

अभिषेक शर्मा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालिया संघर्ष

अभिषेक शर्मा का यह तूफानी प्रदर्शन जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई T20 सीरीज के बाद आया है, जहां उन्होंने तीन पारियों में वह सिर्फ 11 रन ही बना पाये थे, जिसमें उनका औसत महज 3.66 का रहा। हालांकि भारत ने इस सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।

साल 2026 में T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अभिषेक का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रहा है। इस साल 23 पारियों में उनका औसत 23.36 का रहा है, जिसमें वे 6 बार शून्य की स्कोर पर भी आउट हुए थे । भारत के 2026 T20 विश्व कप विजेता अभियान के दौरान भी 8 पारियों में उन्होंने केवल एक अर्धशतक के साथ 17.62 की औसत से रन बनाए थे।

56 T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद अब उनका ओवरऑल औसत घटकर 31 से नीचे आ गया है। हालांकि, यह नहीं भूलना चाहिए कि पिछले साल वे दुनिया के नंबर-1 T20 बल्लेबाज की श्रेणी में बने थे | जहां उन्होंने लगभग 43 की औसत और 193.46 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

दिग्गजों ने की कड़े फैसले लेने की मांग

अभिषेक शर्मा के हालिया फॉर्म में वापसी को लेकर क्रिकेट गलियारों में फिर से चर्चा तेज हो गयी है। भारत के पूर्व कप्तान क्रिस श्रीकांत का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गेंदबाजों ने अभिषेक की कमजोरियों को पकड़ लिया है।

“विश्व कप से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विपक्षी टीमों ने अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी को समझ लिया है। मुझे लगता है कि अब उनके खिलाफ एक सख्त फैसला लेने की जरूरत है। मुझे लगता है कि संजू सैमसन को फिर से मौका मिलना चाहिए और चयनकर्ताओं को यह कड़ा कदम उठाना ही होगा।” — क्रिस श्रीकांत (अपने यूट्यूब चैनल ‘चीकी चीका’ पर)

एक तरफ जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभिषेक शर्मा पर दबाव बढ़ रहा है, वहीं घरेलू क्रिकेट में उनका यह ऐतिहासिक दोहरा शतक चयनकर्ताओं को उनकी काबिलियत याद दिलाने के लिए काफी है।

error: Content is protected !!